Wednesday, April 29, 2026

🪴"मनीप्लांट के बहाने से: भाग- १/By Way of the Money Plant: Episode- 1"🪴

विषय: सहिष्णुता, सामंजस्य और दृष्टिकोण का संतुलन
भाग-१ / Episode- 1
​हाल ही में सोशल मीडिया पर एक लेख पढ़ा, जिसमें 'तुलसी' के औषधीय गुणों, धार्मिक महत्व और वैज्ञानिक उपयोगिता की बड़ी सुंदर व्याख्या की गई थी। पढ़कर अच्छा लगा, लेकिन लेख के समापन की एक पंक्ति मन में खटक गई। लेखक ने लिखा था— "अपने घरों से मनीप्लांट हटाकर तुलसी लगाएँ।"

​यह पढ़कर मन में एक सवाल उठा—भला तुलसी लगाने के लिए मनीप्लांट को हटाना क्यों आवश्यक है? आखिर तुलसी की प्रशंसा करने के बाद मनीप्लांट को 'चपत' लगाना इतना जरूरी क्यों लगा? क्या हम किसी एक की श्रेष्ठता सिद्ध करने के लिए दूसरे को नीचा दिखाए बिना नहीं रह सकते?
​शायद यह हमारी मानवीय प्रवृत्ति या कहें कि एक 'मानसिक आदत' बन गई है कि हम किसी की उपयोगिता को तभी मान्यता देते हैं, जब हम किसी अन्य को अनुपयोगी सिद्ध कर दें। हम कंगूरे की ऊंचाई की तो प्रशंसा करते हैं, पर उसकी नींव को 'जमीन में गड़ी' होने के कारण निम्न मान लेते हैं। हम भूल जाते हैं कि सबसे मजबूत और श्रेष्ठ ईंट नींव में ही लगाई जाती है, ताकि वह ऊपर के कंगूरे के अस्तित्व और सौंदर्य को संभाल सके।

तुलसी का महत्व निर्विवाद है। वह वैज्ञानिक रूप से ऑक्सीजन का अक्षय स्रोत है और आध्यात्मिक रूप से हमारी 'माता' और संस्कारों का अटूट हिस्सा। हर घर, विशेषकर हिंदू घरों में उसका होना गौरव की बात है। लेकिन इसके लिए किसी अन्य पौधे को 'बेघर' करने की बात करना कहाँ तक तर्कसंगत है? यह कहना कि "तुलसी लगाओ, मनीप्लांट नहीं", एक संकुचित सोच का परिचायक है। 
अरे! दोनों लगाइए, प्रकृति के आँगन में सबका स्वागत है।

​मुझे तो तुलसी और मनीप्लांट का रिश्ता घर के बुजुर्गों और बच्चों जैसा लगता है। क्या हम माता-पिता का सम्मान करने के लिए बच्चों को घर से बाहर कर देते हैं? बिल्कुल नहीं। स्नेह और आदर, दोनों के लिए दिल में अलग-अलग और सुरक्षित जगह होती है। वास्तव में, स्नेह और आदर एक ही सिक्के के दो पहलू हैं—बड़ों के प्रति उमड़े तो वही स्नेह 'आदर' बन जाता है और छोटों के लिए वही आदर 'स्नेह' बनकर छलकता है। सोचकर देखिए, क्या ये दोनों एक नहीं हैं?
​मेरे घर में भी तुलसी है, जिसकी हम श्रद्धा से पूजा करते हैं। साथ ही, कमरे की खिड़की से झांकता एक नन्हा मनीप्लांट भी है। वह कोई धार्मिक फल नहीं देता, न ही अपने नाम के अनुरूप उस पर 'पैसे' फलते हैं, पर यकीन मानिए, उसकी वह बेल और उसकी हरियाली मन को असीम सुकून देती है।

​शायद आप सोच रहे होंगे कि मैं तुलसी और मनीप्लांट की यह तुलना क्यों कर रही हूँ? दरअसल, यह बात केवल पौधों की नहीं है; यह बात समाज में घटती सहिष्णुता, सामंजस्य और संतुलन की है। आज हम हर जगह—चाहे वह अमीर-गरीब हो, रूप-रंग हो, जाति-धर्म हो या लिंग—सिर्फ अपने 'अहं' की तुष्टि के लिए एक को ऊँचा और दूसरे को नीचा दिखाने की होड़ में लगे हैं।
​शायद हम किसी भी चीज को उसके मौलिक गुणों से पहचानना भूल गए हैं। किसी भी वस्तु की वास्तविक पहचान उसके अपने गुण-अवगुण ही होते हैं और उसी से उसकी उपयोगिता सिद्ध होती है। अब यह तो बेतुका तर्क होगा कि "सेब सेहत के लिए अच्छा है, इसलिए आम मत खाओ।" आखिर कोई श्रेष्ठ है तो वह अपने गुणों से ही पहचाना जाएगा और किसी की उपेक्षा भी उसके ही दोषों के कारण होगी, न कि किसी की तुलना की वजह से।

​ईश्वर की इस विशाल सृष्टि में अगर बरगद और पीपल का महत्व है, तो नन्हीं घास की भी अपनी उपयोगिता है। तुलना तो केवल 'बतंगड़' बनाने का जरिया है। किसी भी जीव या वस्तु में सिर्फ़ अच्छाई या सिर्फ़ बुराई नहीं होती; यह तो हमारे दृष्टिकोण का दोष है कि हम क्या देखना चाहते हैं।

​जीवन में संतुलन के लिए प्रकाश और छाया, दोनों को समझना ज़रूरी है। अगर आप सिर्फ़ 'अच्छाई' को देखेंगे, तो दुनिया की चालाकी आपको ठग लेगी; और अगर सिर्फ़ 'बुराई' को खोजेंगे, तो आप अच्छाई के वरदानों से वंचित रह जाएंगे। अच्छाई हमें 'प्रेरणा' देती है, तो बुराई हमें 'सबक' सिखाती है।
​मनीप्लांट को हम सिर्फ़ इसलिए क्यों त्याग दें क्योंकि वह हमारी 'आस्था' का केंद्र नहीं है? एक व्यावहारिक और सफल जीवन के लिए संतुलित दृष्टिकोण अनिवार्य है।
​सार यही है: अच्छाई को देखिए और सीख लीजिए, बुराई को देखिए और सबक लीजिए। हर चीज की पहचान उसके अपने गुणों से कीजिए, न कि किसी दूसरे को कमतर आँक कर।

​आज के लिए इतना ही, फिर मिलेंगे 'मनीप्लांट के बहाने से' के अगले अंक में...😊
​आपका दिन शुभ हो...🙏💕
​✍️ 'निःशब्द' की कलम से
🖌️तस्वीर जिम(जैमिनी) की सहायता से निर्मित
(क्रमशः...)
🌳🌱🌳🌱🌳🌱🌳🌱🌳🌱🌳

By Way of the Money Plant (Part-1)
Subject: Tolerance, Harmony, and the Balance of Perspective
​Recently, I read an article on social media that beautifully explained the medicinal properties, religious significance, and scientific utility of the 'Tulsi' (Holy Basil) plant. It was an enlightening read, but the closing sentence left a bitter taste in my mouth. The author wrote— "Remove the Money Plant from your homes and plant Tulsi instead."

​Reading this, a question arose in my mind—why is it necessary to remove a Money Plant to plant Tulsi? Why did the author find it necessary to disparage the Money Plant after praising the Tulsi? Can we not establish the greatness of one without belittling the other?
​Perhaps it has become our human tendency, or rather a 'mental habit,' to recognize someone's utility only when we prove someone else useless. We admire the height of a pinnacle but look down upon the foundation because it is 'buried in the ground.' We forget that the strongest and finest bricks are laid in the foundation so that they can support the existence and beauty of the pinnacle above.

​The importance of Tulsi is indisputable. Scientifically, it is a source of oxygen, and spiritually, it is our 'Mother' and an inseparable part of our values. Its presence in every home, especially Hindu households, is a matter of pride. But is it logical to talk about making another plant 'homeless' for this? To say "Plant Tulsi, not Money Plant" is a sign of narrow thinking.

Nature’s courtyard is vast enough to welcome everyone!
​To me, the relationship between Tulsi and Money Plant feels like that of elders and children in a family. Do we cast out the children to show respect to the parents? Not at all. There is a separate and secure place in the heart for both affection and respect. In fact, affection and respect are two sides of the same coin—when directed toward elders, affection becomes 'respect,' and for the young, that same respect flows as 'affection.' Think about it, are they not one?
​In my home, too, there is a Tulsi plant that we worship with devotion. Along with it, there is a tiny Money Plant peeking from the room’s window. It doesn't yield any religious fruit, nor does 'money' grow on it as its name suggests, but believe me, its vine and its greenery provide an immense sense of peace.
​You might be wondering why I am making this 'futile' comparison between Tulsi and Money Plant. Actually, it's not just about plants; it’s about the declining tolerance, harmony, and balance in society. 
Today, everywhere—be it rich or poor, appearance, caste, religion, or gender—we are in a race to show one as superior and the other as inferior just to satisfy our 'ego.'

​Perhaps we have forgotten to recognize things by their own inherent qualities. The real identity of anything lies in its own virtues and flaws, which determine its utility. It would be an absurd argument to say, "Apples are good for health, so don't eat mangoes." Ultimately, excellence is recognized by its own merits, and neglect occurs due to one's own flaws, not because of a comparison.
​In God's vast creation, if Banyan and Peepal trees are important, then even the tiny blade of grass has its own utility. Comparison is merely a way of creating unnecessary fuss. No living being or object is entirely good or entirely evil; it is a flaw in our perspective of what we choose to see.

​To balance life, it is necessary to understand both light and shadow. If you only look at the 'good,' the world's cunningness might deceive you; and if you only search for the 'evil,' you will be deprived of the blessings of goodness. Goodness gives us 'inspiration,' while evil teaches us a 'lesson.'

Why should we discard the Money Plant just because it isn't the center of our 'faith'? A balanced perspective is essential for a practical and successful life.
​The essence is: see the good and learn from it; see the evil and take a lesson. Identify everything by its own qualities, not by undervaluing another in comparison.

​That’s all for today. See you in the next installment of 'By Way of the Money Plant'... 😊
Have a wonderful day... 🙏💕

​✍️ From the pen of 'Nishabd'
🖌️ Images created with the assistance of Gemini & Nano Banana..
(To be continued...)
🥀°°°°🥀°°°°🥀°°°°🥀°°°°🥀
New to Suvarna's journey?
If you haven't started this epic saga yet, begin here to experience the mystery from the very first episode:

No comments:

Post a Comment

🪴"मनीप्लांट के बहाने से: भाग-२/By Way of the Money Plant: Episode- 2"🪴

​विषय: मौन रिश्तों की अहमियत और उनका निश्छल संग 🪴 ​ मैं अक्सर पानी के जार में लगे उस मनीप्लांट को खामोशी से निहारती रहती हूँ।...