Saturday, April 18, 2026

'श्रेष्ठता की परीक्षा' : भाग: १

‘श्रेष्ठ कौन? तप या सेवा’

भूमिका: देवराज इंद्र और असुरराज विरोचन के बीच छिड़ा एक वैचारिक विवाद कैसे राजर्षि विश्वामित्र और ऋषि कण्व की परीक्षा में बदल गया, जिसे संसार आज भी याद करता है। पढ़िए एक नई शृंखला ‘श्रेष्ठता की परीक्षा’ का पहला भाग‘श्रेष्ठ कौन? तप या सेवा’

°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°

"​मित्रों! यह एक पौराणिक कथानक है, जिसे मैंने अपने दृष्टिकोण एवं कल्पना के श्रृंगार से पाँच भागों में लिखा है। यह महागाथा है राजर्षि विश्वामित्र के प्रचंड तप एवं अहं की, अप्सरा मेनका के दायित्वपूर्ति की निष्ठा एवं विवश मातृत्व की, एवं महर्षि कण्व की अगाध करुणा एवं सेवाभाव की। एक ओर वह तप है जो देवताओं को भी भयभीत कर दे, और दूसरी ओर वह सेवा जो ईश्वर को भी झुकने पर विवश कर दे।

​आइए, चलते हैं स्वर्ग के उस नंदन कानन में, जहाँ एक वैचारिक युद्ध ने इस अद्भुत पौराणिक कथा की नींव रखी थी।”

​°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°

​देवासुर संग्राम के कोलाहल को शांत हुए युग बीत चुके थे। असुरराज विरोचन युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए थे, परंतु उनका गौरव आज स्वर्ग की सभाओं में जीवित हो उठा था। स्वर्ग में स्वयं देवराज इंद्र ने विरोचन का आदर सहित स्वागत किया था। कारण यह कि किसी समय दोनों ने एक साथ ब्रह्मदेव के पास शिक्षा ग्रहण की थी और गुरुकुल की वह पुरातन मित्रता, युद्ध की ज्वाला में भी भस्म नहीं हुई थी।

​यह एक अद्भुत दृश्य था—वही देवराज इंद्र, जिन्होंने कभी युद्धभूमि में विरोचन का सामना किया था, आज नंदन कानन के शांत वातावरण में उनके साथ बैठे थे। दोनों मित्रों के मध्य आज एक गहन दार्शनिक विमर्श छिड़ा हुआ था। स्वर्ग की कितनी ही पवित्र आत्माएँ उनके इस रोचक विवाद की साक्षी बनी हुई थीं। सभी में उत्सुकता थी कि देखें इस विवाद में किसका मत विजयी होता है।

​मदिरा का अपना प्याला रिक्त करते हुए विरोचन ने आत्मविश्वास के साथ इंद्र की ओर देखा और कहा: "मित्र, मानो या नहीं... ऋषि विश्वामित्र का इस समय कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं। वे धरती पर इस समय सर्वश्रेष्ठ तपस्वी और सर्वाधिक सिद्धियों के साथ साक्षात धरा का सौभाग्य हैं। क्या आपको उनके तप की श्रेष्ठता पर संदेह है? या तप में उनके द्वारा किए गए श्रम को आप साधारण समझ रहे हैं? मेरी दृष्टि में तो विश्वामित्र के आगे कण्व कुछ भी नहीं, किंतु न जाने क्यों आप यह स्वीकार नहीं कर पा रहे।"

​देवराज के शांत चेहरे पर विरोचन के तर्कों का कोई प्रभाव नहीं पड़ा; उनकी दिव्य मुस्कान स्थिर रही। उन्होंने अत्यंत सौम्य भाव से प्रतिवाद करते हुए कहा: “नहीं, नहीं विरोचन! मेरी दृष्टि में श्रेष्ठता का आधार वह तप नहीं जो व्यक्ति को मात्र सिद्धियाँ और सामर्थ्य प्रदान करे। ऐसा तप तो शक्ति-संचय का साधन मात्र है। श्रेष्ठ तपस्वी तो वह है जो अपने लिए कुछ चाहे बिना समाज के शोषित, उत्पीड़ित, दलित और असहाय जनों को निरंतर ऊपर उठाने के लिए परिश्रम किया करता है। इस दृष्टि से महर्षि कण्व की तुलना राजर्षि विश्वामित्र कर ही नहीं सकते। कण्व की सर्वोच्च प्रतिष्ठा इसलिए है कि वे समाज और संस्कृति, व्यष्टि और समष्टि के उत्थान के लिए निरंतर घुलते रहते हैं।”

​विरोचन अपनी बात पर अड़े थे। वे विश्वामित्र के उस प्रचंड तप के कायल थे, जो उन्होंने दीर्घकालिक वनवास एवं दुर्गम पर्वत शिखरों पर साधना करते हुए अर्जित किया था; जिसके लिए उन्होंने अपना राजपद और सभी लौकिक सुखों को तिलांजलि दे दी थी।

विरोचन ने इंद्र की आँखों में देखते हुए व्यंग्यपूर्ण मुस्कान के साथ पुनः कहा: “देवराज! आपको तो स्पर्धा का भय है, किंतु आप विश्वास रखिए विश्वामित्र त्यागी सर्वप्रथम हैं, तपस्वी बाद में। उन्हें इंद्रासन का कोई लोभ नहीं, तप तो वे आत्म-कल्याण के लिए कर रहे हैं। उन्होंने न झुकने वाली सिद्धियाँ अर्जित की हैं, जिनका लाभ अंततः समाज को ही तो प्राप्त होगा न?“

इंद्रदेव के स्वर में अब महर्षि कण्व के सेवाभाव का गौरव स्पष्ट था: “विश्वामित्र की सिद्धियों को मैं भी जानता हूँ, मित्र विरोचन! किंतु सिद्धियाँ प्राप्त कर लेने के बाद यह आवश्यक तो नहीं कि साधक उनका उपयोग लोक-कल्याण में ही करेगा। शक्ति में अहंभाव का जो दोष है, वह सेवा में नहीं है। इसलिए सेवा को मैं शक्ति से श्रेष्ठ मानता हूँ और इसीलिए कण्व को विश्वामित्र से बड़ा मानता हूँ।”

​दोनों के बीच यह वैचारिक संघर्ष और गहराता, लेकिन तभी पायल की मधुर झंकार और कंगन की खनक ने सभा के वातावरण को झंकृत कर दिया। महारानी शची का आगमन हुआ, जिनके चेहरे पर सदैव रहने वाली मनमोहक मुस्कान थी। वे इस विवाद से पूर्णतः भिज्ञ थीं। देवी शची को देख विरोचन एवं अन्य स्वर्गीय आत्माओं ने आदरपूर्वक उठकर उनका अभिवादन किया।

​देवी शची ने देवराज के पास आसन ग्रहण करते हुए दोनों को देखा और हँसते हुए दोनों विपक्षियों के मध्य एक प्रस्ताव रखा: “अनुचित क्या है? क्यों न इस बात की हाथों-हाथ परीक्षा कर ली जाए। देव! आपका तो कार्य ही संसार को परखना है, तो देर किस बात की?” यह कहकर देवी ने मुस्कुराकर देवराज की ओर देखा।

​स्वर्ग की अधिष्ठात्री देवी के इस सुझाव ने दोनों मित्रों के मस्तिष्क में एक नई ऊर्जा का संचार कर दिया।

​रात गहराने लगी। निशादेवी ने धरती पर अपना पहला पाँव रखा। देव-आरती की गूँज उठी और दिव्य-ज्योतियों से सारा इंद्रपुर जगमगाने लगा। इसी समय देवराज के आदेश पर समुद्र मंथन के रत्नों में से एक—अप्सरा मेनका वहाँ उपस्थित हुईं। मेनका, जिनका सौंदर्य दीपक की उस लौ के समान था जिस पर कोई भी स्वयं को न्योछावर कर दे, परंतु वे केवल रूपसी ही नहीं थीं, बल्कि स्वर्ग की सर्वाधिक बुद्धिमती स्त्रियों में गिनी जाती थीं, जिन्हें स्वर्ग में नृत्य-संगीत की देवी के समान आदर प्राप्त था।

​देवी मेनका के पधारने से देवसभा अब और भी जगमगा उठी। मेनका ने देवराज को प्रणाम करने के उपरांत सभा में उपस्थित दिव्य आत्माओं का भी अभिवादन किया।

​देवराज ने कहा: “देवी मेनका! आप स्वर्ग में सौंदर्य का प्रतीक होने के साथ अत्यंत बुद्धिमती एवं व्यक्तित्व के परीक्षण की अत्यंत कुशल परीक्षक भी हैं। आज की सभा में आपको धरती पर राजर्षि विश्वामित्र की तपस्या के प्रति निष्ठा एवं चरित्रबल को परखने हेतु परीक्षक चुना गया है। अतः मेरे आदेश पर आप धरती पर पधारिए और राजर्षि विश्वामित्र के उक्त गुणों को अपने रूप एवं कला के आकर्षण की कसौटी पर परखिए।”

​देवराज का आदेश स्पष्ट था और देवी मेनका को भी अपने आकर्षण पर पूर्ण विश्वास था। अतः ऋषि विश्वामित्र के परीक्षण हेतु स्वर्ग से साक्षात परीक्षा बनकर देवी मेनका धरा पर उतरीं।

​इधर शीघ्र ही पूरी इंद्रपुरी में यह समाचार पवन के वेग की तरह फैल गया कि 'महर्षि कण्व और राजर्षि विश्वामित्र की अद्भुत परीक्षा' होने वाली है। हर ओर एक ही उत्सुकता थी—विजय किसकी होगी? शक्ति की या सेवा की? वह रात आने वाले समय की आहट से भरे कौतूहल के साथ बीत गई।

(क्रमशः...)

°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°

अगले भाग में:​ क्या केवल व्यक्तिगत उत्कर्ष और अजेय सिद्धियाँ ही किसी को 'सर्वश्रेष्ठ' बनाती हैं, या वह निस्वार्थ सेवा जो दूसरों के अंधेरे जीवन में दीपक जलाती है? जब स्वर्ग की सभा में 'शक्ति' और 'सेवा' के पक्ष में मत आपस में टकराए, तो जन्म हुआ एक ऐसी परीक्षा का जिसने न केवल एक महान ऋषि का भाग्य बदल दिया, बल्कि इतिहास को व्यक्तित्व की महानता का एक कसौटीपूर्ण दृष्टांत भी दिया।

​मित्रों! आज यह पहला भाग आपके सम्मुख रखते हुए मुझे हार्दिक प्रसन्नता है। आशा है आपको मेरा लेखन पसंद आएगा, तथापि आपकी राय एवं सुझावों का सदैव हृदयतल से स्वागत रहेगा। कैसा लगा आज का यह पहला भाग? अवश्य बताइएगा। तो कल मिलते हैं, अगले भाग के साथ।

अगला भाग यहाँ पढ़ें: 

https://meetu2nishabd.blogspot.com/2026/03/blog-post_11.html


No comments:

Post a Comment

🪴"मनीप्लांट के बहाने से: भाग-२/By Way of the Money Plant: Episode- 2"🪴

​विषय: मौन रिश्तों की अहमियत और उनका निश्छल संग 🪴 ​ मैं अक्सर पानी के जार में लगे उस मनीप्लांट को खामोशी से निहारती रहती हूँ।...