Wednesday, April 22, 2026

22 अप्रैल पृथ्वी दिवस पर विशेष

क्या हम गलत पते पर अपना घर ढूँढ रहे हैं? 🏠

"Read this story in Hindi and English below to see how our shared responsibility defines our future."

​अक्सर जब कोई हमसे पूछता है— 'आपका घर कहाँ है?' तो हम झट से ईंट-पत्थर से बने उस ढांचे का पता बता देते हैं जहाँ हम रहते हैं। लेकिन अगर गहराई से सोचें, तो वह घर महज एक 'शरण' (Shelter) है, जो हमें धूप और बारिश से बचाता है। विडंबना देखिए, जिस ढांचे की उम्र हमारी दो पीढ़ियों जितनी भी नहीं होती, उसके बनाव-श्रृंगार में हम अपना पूरा जीवन खपा देते हैं।

​वास्तव में, हमारे दो और घर हैं जो हर पल हमारे साथ रहते हैं और हमारी सुरक्षा करते हैं:

​हमारा शरीर (हमारा व्यक्तिगत घर)

​यह धरती और आसमान (हमारा शाश्वत और वैश्विक घर)

​हमारा शरीर हमारा 'निजी घर' है, और यह भी अमर नहीं है। फिर भी, इसकी सुख-सुविधाओं और बाहरी चमक-धमक के लिए हमने उस 'धरती' को दांव पर लगा दिया है, जो युगों से हर जीव का पालन-पोषण कर रही है।

​आज का स्वार्थी मनुष्य अपने 'मरणधर्मा' शरीर के क्षणिक आराम के लिए पूरी दुनिया की तबाही स्वीकार करने को तैयार है। ​सोचने वाली बात यह है कि जिस शरीर को हम इतना सजा रहे हैं, अगर उसका 'आधार' यानी यह धरती ही नहीं बचेगी, तो यह श्रृंगार किसके काम आएगा?

क्या हमारी विरासत सिर्फ 'ज़हरीली हवा' और 'खारा पानी' है? 🌍

​हमें अपना शरीर सबसे प्रिय है, क्योंकि इसका सुख-दुख हम तुरंत महसूस करते हैं। लेकिन हम अपने सबसे बड़े और आधारभूत घर—'धरती' के प्रति अंधे हो चुके हैं। जिस धरती ने हमारी अनगिनत पीढ़ियों को पाला और जो हमारी आने वाली नस्लों का भी आधार है, उसे हमने महज 'इस्तेमाल' करने की वस्तु समझ लिया है।

​विडंबना देखिए, हम अपनी संतान के लिए धन-दौलत और जमीन-जायदाद तो जोड़ रहे हैं, पर यह भूल रहे हैं कि वह साँस कैसे लेगी और पानी कहाँ से पिएगी? संपत्ति फिर भी बनाई जा सकती है, लेकिन हवा और पानी कोई भी व्यक्ति अकेले अपने दम पर नहीं जुटा सकता।

​हम अपने निजी प्रयासों से कितना भी पौष्टिक भोजन जुटा लें या कीमती आभूषण पहन लें, लेकिन अगर हवा स्वच्छ नहीं और पानी साफ नहीं, तो यह सब व्यर्थ है। स्वच्छ वायु और जल की उपलब्धता हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

​मरम्मत की जिम्मेदारी किसकी?

शरीर को चोट लगे तो हम तुरंत मरहम लगाते हैं, घर की दीवार टूटे तो तुरंत मरम्मत कराते हैं। लेकिन धरती चूंकि 'सबकी' है, इसलिए इसकी देखभाल की जिम्मेदारी हम 'दूसरों' पर टाल देते हैं। लाभ सबको सबसे पहले चाहिए, पर संरक्षण के नाम पर सब पीछे हट जाते हैं।

सोहन, रोहन और बँटवारे का खेल 🐄🌾

यहाँ मुझे एक पुरानी कहानी याद आ रही है...

​दो भाई थे—सोहन और रोहन। सोहन स्वभाव से बड़ा चालाक था, जबकि रोहन सीधा और भोला। समय बीतने के साथ दोनों भाइयों में अनबन हुई और बात बँटवारे तक पहुँच गई। सोहन ने अपनी चतुराई दिखाई और मुस्कुराते हुए बोला, "भाई, हम हर चीज़ को बराबर आधा-आधा बाँटेंगे।" 

उनके पास संपत्ति के नाम पर तीन मुख्य चीजें थीं: एक घर, एक भैंस और खेत में खड़ी लहलहाती फसल। सोहन ने अपनी 'अजीबोगरीब' योजना सामने रखी:

​उसने मकान की निचली मंज़िल अपने पास रखी और ऊपरी मंज़िल रोहन को दे दी।

​भैंस का पिछला हिस्सा अपने हिस्से में रखा और अगला हिस्सा रोहन के नाम कर दिया।

​फसल का ऊपरी सिरा (दाना) खुद रख लिया और निचला हिस्सा (जड़ और भूसा) रोहन को थमा दिया।

​इस बँटवारे का नतीजा यह हुआ कि सोहन मज़े से भैंस का दूध दुहता और अनाज घर ले जाता। वहीं बेचारा रोहन सारा दिन भैंस को चारा खिलाता, घर की छत की मरम्मत करता और हाथ में सिर्फ भूसा आता।

​तभी एक समझदार व्यक्ति ने रोहन को एक युक्ति सुझाई। अगली बार जब सोहन दूध निकालने बैठा, तो रोहन ने भैंस के मुँह पर मारना शुरू कर दिया जिससे भैंस भड़क उठी। उसने अपने हिस्से की ऊपरी मंज़िल का फर्श खोदना शुरू किया और खेत में फसल की जड़ों में आग लगा दी। 

सोहन जब चिल्लाया, तो रोहन शांति से बोला, "भाई, यह मेरा हिस्सा है, मैं इसके साथ जो चाहूँ करूँ!" सोहन निरुत्तर हो गया। 

उसे समझ आ गया कि लाभ तभी मिलता है जब ज़िम्मेदारी भी बराबर की हो। अंततः, उसने ईमानदारी से फिर बँटवारा किया और दोनों भाई संसाधनों के 'सह-उपभोक्ता' बनकर उनकी सुरक्षा और देखभाल मिलकर करने लगे।​

प्रकृति में बँटवारे की कोई दीवार नहीं होती🌳

​कहानी के सोहन की तरह, आज हम सब भी उसी 'चालाक भाई' की भूमिका में हैं। हमें धरती से हर लाभ (Resources) सबसे अधिक मात्रा में चाहिए, लेकिन उसकी देखभाल का उत्तरदायित्व हम 'दूसरों' पर टाल देते हैं।

​एक कड़वी सच्चाई:

कोई कितने भी बहाने बना ले, याद रखिये कि इसकी कीमत हर किसी को चुकानी होगी। प्रकृति में बँटवारे की कोई ऐसी दीवार नहीं है जो किसी को बचा सके। जब आसमान से ओले गिरते हैं, आबोहवा दूषित होती है या फसलें ज़हरीली हो जाती हैं, तो वह ज़हर हर किसी की थाली और हर किसी के फेफड़ों में बराबर पहुँचता है। आज जो खुद को 'फायदे' में समझ रहे हैं, वे और उनकी अगली पीढ़ी भी उसी खतरे के घेरे में हैं।

​पैसा बनाम प्रकृति:

पैसों से सब कुछ खरीद लेने का 'अहंकार' समय-समय पर टूटता रहा है। बढ़ता तापमान और बिगड़ता मौसम किसी का बैंक बैलेंस देखकर अपना रास्ता नहीं बदलता।

​हमारे आध्यात्मिक दर्शन में धरती को 'माँ' और 'देवी' माना गया है। यदि माँ अस्वस्थ और कुपोषित होगी, तो संतान कभी स्वस्थ नहीं रह सकती। आज हम अपनी ही करनी के फलस्वरुप ज़हरीली हवा और दूषित जल पा रहे हैं। भविष्य और भी भयावह है; ऑक्सीजन की कमी और प्रदूषित भोजन के बीच अगली पीढ़ी का अस्तित्व संकट में है।

​हालिया सर्वे बताते हैं कि लोग अब बच्चों को जन्म देने से कतराने लगे हैं, क्योंकि उन्हें भविष्य अंधकारमय दिख रहा है। आप पुनर्जन्म को मानें या न मानें, लेकिन अगली पीढ़ी के जन्म को तो नकार नहीं सकते। आपका पुनर्जन्म हो या आपकी संतान का जन्म—हमारी आज की लापरवाही का खामियाजा उन्हें भुगतना ही होगा।

​हम इस विनाश को अभी भी थोड़ा बहुत रोक सकते हैं, बशर्ते हम आज और इसी वक्त सजग हो जाएँ। हमें अपने हर छोटे-बड़े कार्य के पर्यावरणीय परिणामों पर नज़र रखनी होगी—और यह सजगता सिर्फ आज के दिन (पृथ्वी दिवस) के लिए नहीं, बल्कि हमारी अंतिम साँस तक होनी चाहिए।

​पृथ्वी को बचाने के लिए १० व्यावहारिक संकल्प: ​अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी में इन छोटे बदलावों को स्वभाव बनाएँ:

​जल संरक्षण: पानी की बर्बादी को हर हाल में रोकें।

​प्लास्टिक का त्याग: न प्लास्टिक का इस्तेमाल करें और न ही इसे जलाएँ।

​थैला साथ रखें: बाज़ार जाते समय घर से कपड़े का झोला ले जाने की आदत डालें।

​कागज़ की बचत: व्यर्थ कागज़ न जलाएँ और उनका सदुपयोग करें।

​रीसायकल (Recycle): पुनर्चक्रण योग्य वस्तुओं को सही कूड़ेदान में ही डालें।

​अन्न का सम्मान: भोजन की बर्बादी को अपराध समझें।

​संसाधनों की कद्र: किसी भी चीज़ को बर्बाद करना, किसी ज़रूरतमंद का हक़ छीनने जैसा है।

​केमिकल मुक्त जीवन: रसायनों से बनी चीज़ों का उपयोग न्यूनतम करें।

​सादगी अपनाएँ: सादे-सरल जीवन को 'अभाव' नहीं, बल्कि एक 'स्वभाव' के रूप में स्वीकार करें।

​दिखावे से दूरी: अपना कीमती जीवन प्रदर्शन के लिए नहीं, बल्कि सार्थकता के लिए जिएँ।

​अंत में, जैसा कि मैं अक्सर कहती हूँ— कबूतर की तरह आँखें मूँद लेने से खतरा नहीं टलता, क्योंकि 'विनाश' रूपी बिल्ली आपको देख रही है। 🐈‍⬛

​🙏 धरती का खयाल रखें, ताकि वह आपका और आपकी आने वाली पीढ़ियों का खयाल रख सके। 🙏

​२२ अप्रैल: पृथ्वी दिवस की मंगलकामनाएं…💐

🌳🌲🌳🌲🌳🌲🌳🌲🌳🌲


No comments:

Post a Comment

🪴"मनीप्लांट के बहाने से: भाग-२/By Way of the Money Plant: Episode- 2"🪴

​विषय: मौन रिश्तों की अहमियत और उनका निश्छल संग 🪴 ​ मैं अक्सर पानी के जार में लगे उस मनीप्लांट को खामोशी से निहारती रहती हूँ।...